देवरिया , अक्टूबर 11 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के निमित्त भाजपा की ओर से समर्थित प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में रविवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा और रणनीति तय की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद की चुनाव संचालन समिति के साथ ही सभी विधानसभा स्तर पर भी संचालन समितियां गठित कर ली गई हैं। जनपद में कुल 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और प्रत्येक मतदान केंद्र पर प्रभारी और संयोजक नियुक्त कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में बेहतर परिणाम के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ जुटना होगा। शिक्षकों से संपर्क स्थापित करने और उन्हें प्रत्याशी के समर्थन में मतदान के लिए प्रेरित करने की दिशा में प्रयास किए जाएं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में समन्वित प्रयासों के साथ सभी कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। शिक्षक समाज से निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझना जरूरी है। सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण और नई पीढ़ी के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षकों के साथ संवाद और संपर्क को प्राथमिकता देते हुए कार्यकर्ताओं को चुनाव से संबंधित सभी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए।
विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन में मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदाताओं से संपर्क और संगठनात्मक समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में मतदान की अपील करने को कहा। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने करते कहा कि सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित