गोरखपुर , जून 21 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के प्रभारी मंत्री/जल शक्ति विभाग मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को गोरखपुर स्थित महंत दिग्विजयनाथ पार्क में 12वें अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभा करते हुए जनसमूह के साथ योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सजीव प्रसारण सुना गया।

मंत्री श्री सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज मुझे विश्व योग दिवस के अवसर पर आप सब लोगों के साथ योगाभ्यास करने का अवसर मिला यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र संघ ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में इसे स्वीकार किया है और विश्व के 190 देशों में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। योग प्राणायाम शरीर को निरोग करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि मुनियों ने हजारों वर्ष पहले इस ज्ञान को दिया था, वही ज्ञान पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं है बल्कि यह आत्मा और परमात्मा का मिलन है। योग का शाब्दिक अर्थ जोड़ना है, तन को मन से, मन को आत्मा से और आत्मा को परमात्मा से। यह कोई धर्म, जाति, पंथ, आयु तथा देश की सीमा में बंधा हुआ विषय नहीं है। यह सार्वभौमिक विज्ञान है जिसने आज पूरी दुनिया को जोड़ने का काम किया है। योग शरीर को बलवान बनाता है मन को स्थिर करता है और आत्मा को जागृत करता है। यह नकारात्मक ऊर्जा को हटाकर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद योग को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की मान्यता दिलाने का कार्य किया। आयुष विभाग का अलग से मंत्रालय बनाया और उसके बजट को भी दो-तीन गुना बढ़ाया। लोगों को कोरोना में एहसास हुआ कि यह विभाग कौन सा है और योग के कारण कोरोना में लड़ने की क्षमता अपने अंदर विकसित करने का काम भी योग और आयुर्वेद के माध्यम से लोगों ने किया और इसके द्वारा जाना कि इसकी क्षमता क्या होती है। प्रधानमंत्री जी ने आज दुनिया के अंदर योग, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जल संचयन के कार्य को आगे बढ़ाया जो हमारे देश की ताकत है। दुनिया को शांति व समृद्धि के मार्ग में ले जाने का कार्य किया। आज अमेरिका से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक, जापान से लेकर जर्मनी तक और अफ्रीका से लेकर यूरोप तक करोड़ों लोग प्रतिदिन योग कर रहे हैं। विश्वविद्यालय, अस्पताल और कॉरपोरेट संस्थान भी योग को अपने जीवन का अंग बना रहे हैं। यह भारत की संस्कृति एवं विरासत की विजय है।

मंत्री ने कहा कि देश को वैश्विक पहचान दिलाने में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योगदान सर्वप्रथम है और आज पूरी दुनिया योग प्राणायाम से स्वस्थ्य एवं निरोग हो रही है। योग अपने अंदर की ऊर्जा को बढ़ाने का काम करता है जो रोजमर्रा के जिंदगी में आपके संघर्ष को कम करता है, यह क्रोध को भी शांत करता है। दवा से पहले योग करें और रोग को खुद से दूर भगाएं, नियमित योग को जीवन में लाएं और स्वस्थ्य शरीर, सुखद भविष्य को साकार करें। उन्होंने कहा कि आज वैज्ञानिक शोध भी प्रमाणित कर चुका है कि योग से उच्च रक्तपात, शुगर, तनाव और हृदय रोग जैसी समस्या को नियंत्रित करने में सहायता मिलती है। स्वस्थ शरीर ही सभी कर्तव्यों का निर्माण करने में प्रथम साधन है, यदि शरीर स्वस्थ्य होगा तो परिवार समाज व राष्ट्र स्वस्थ्य होगा। आज विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेकर देश आगे बढ़ रहा है। स्वस्थ नागरिक विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं और यह राष्ट्र के निर्माण का आधार है। योग अपनाओं रोग भगाओ, करो योग रहो निरोग।

गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह हमारे लिए बड़े गर्व की बात है कि आज पूरा विश्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मना रहा है। आज भारत ही नहीं पूरे विश्व में योगाभ्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 से 21 जून तक स्कूलों, नगर पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा तहसील मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया गया। योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है। यह शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी से आग्रह करते हुए कहा कि अपनी रोजमर्रा की भाग दौड़ भरी जिंदगी में कुछ समय निकालकर योग अवश्य करें और निरोग रहें। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट चलाया गया और इसका मुख्य उद्देश्य फिटनेस को लोगों के दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना है।

इस अवसर पर डीजी अशोक मुथा जैन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव/नोडल अधिकारी गोरखपुर सुहास एल वाई, डीआईजी एस चन्नप्पा, एसएसपी डॉ0 कौस्तुभ, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी सहित अधिकारीगण ने सामूहिक योगाभ्यास में प्रतिभाग किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित