नयी दिल्ली , अप्रैल 11 -- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सऊदी अरब के वाणिज्य मंत्री माजिद बिन अब्दुल्ला अल कासबी के साथ वर्चुअल माध्यम से बात की और पश्चिम एशिया संकट के बीच आपूर्ति श्रृंखला बनाये रखने की जरूरत पर बल दिया।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि दोनों पक्षों ने संघर्ष के कारण क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखलाओं पर दबाव को स्वीकार किया और व्यापार में सुचारू प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए मिलकर प्रयास करते हुए जल्द सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री गोयल ने सऊदी अरब और खाड़ी क्षेत्र में निर्यात को समर्थन देने के लिए भारत द्वारा उठाये गये कदमों का उल्लेख किया।
दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय व्यापार को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दुहरायी और भारत-जीसीसी मुक्त व्यापार समझौता वार्ता में शीघ्र प्रगति की आशा व्यक्त की।
श्री गोयल ने उम्मीद जतायी कि हाल ही में घोषित युद्धविराम से क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने हालिया संघर्ष के दौरान सऊदी अरब में हुए हमलों की निंदा की और भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए वहां की सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस बैठक में भारत-सऊदी अरब आर्थिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित