नयी दिल्ली , मई 28 -- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कनाडा की अपनी तीन दिवसीय यात्रा 28 फरवरी को पूरी की जिसे मंत्रालय ने अत्यंत सफल और ऐतिहासिक बताया।
भारत के उद्यमियों के एक बड़े दल के साथ कनाड़ा गये श्री गोयल ने इस यात्रा में प्रधानमंत्री मार्क जे कार्नी, वाणिज्य मंत्री मनिंदर सिद्धू, विदेश मंत्री अनिता आनंद और कुछ अन्य मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा भारत-कनाडा के बीच प्रस्तावित व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (भारत-कनाडा सेपा) की बातचीत इस साल के अंत तक सम्पन्न करने पर सार्थक बातचीत की।
इस यात्रा के अंतिम चरण में श्री गोयल टोरंटो में शिक्षा जगत, नवाचार, सरकार, व्यापार परिषदों, संस्थागत निवेशकों और भारतीय प्रवासी समुदाय से संबंधित कई महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लिया । इन बैठकों ने भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी की निरंतर गति को सुदृढ़ किया और निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारियों के लिए एक प्रमुख वैश्विक गंतव्य के रूप में भारत के उदय को रेखांकित किया।
मंत्रालय ने गुरुवार को यहां एक विज्ञप्ति में कहा कि श्री गोयल ने यात्रा के तीसरे दिन की शुरुआत टोरंटो विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मुंक स्कूल ऑफ ग्लोबल अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी में संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं और छात्रों को संबोधित करने के साथ की। इस कार्यक्रम में उन्हाेंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तीव्र आर्थिक प्रगति, परिवर्तनकारी सुधारों और बढ़ते वैश्विक नेतृत्व की चर्चा की। उन्होंने भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और जन-संबंधों को और मजबूत करने के लिए शिक्षाविदों, उद्योग जगत और नीति निर्माताओं के बीच गहन सहयोग की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
इसके बाद वह ओंटारियो सेंटर ऑफ इनोवेशन (ओसीआई) का दौरा किया और नवाचार को बढ़ावा देने, स्टार्टअप्स को समर्थन देने और उद्योग, शिक्षा जगत और सरकार के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए ओसीआई की व्यापक पहलों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कनाडा-इंडिया टेक कनेक्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग सहित प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों पर सार्थक चर्चा में भी भाग लिया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए, श्री गोयल ने भारत के फलते-फूलते स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम पर प्रकाश डाला और बताया कि कनाडा इन उच्च-विकास वाले क्षेत्रों में सार्थक साझेदारी कैसे कर सकता है। उन्होंने एआई, क्लीनटेक, एग्रीटेक और डीप टेक जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की अपार संभावनाओं को भी रेखांकित किया और कहा कि ये ऐसे सेक्टर हैं जिनमें दोनों देशों की पूरक क्षमताएं हैं।
श्री गोयल ने भारत-कनाडा कॉरिडोर में कार्यरत क्षेत्रीय चैंबरों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और लोगों के बीच परस्पर संबंध को सुदृढ करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और द्विपक्षीय संबंधों में आई नई गति और चल रही सीईपीए वार्ता से उभरने वाले महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रकाश डाला।
एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक में पीयूष गोयल ने ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड से मुलाकात की और भारत-ओंटारियो सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, अवसंरचना, स्वच्छ ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे रणनीतिक महत्व के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं का पता लगाया और द्विपक्षीय व्यापार और निवेश साझेदारी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
श्री गोयल ने कनाडा बिजनेस काउंसिल के अध्यक्ष और सीईओ गोल्डी हैदर के साथ एक सार्थक बैठक की। चर्चा का मुख्य विषय भारत-कनाडा के बीच वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करना और प्रौद्योगिकी, अवसंरचना, स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज और उन्नत विनिर्माण क्षेत्रों में उद्योग-नेतृत्व वाली साझेदारियों को बढ़ावा देना था। दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच व्यापार-संबंधों को बढ़ाने में भारत-कनाडा सीईओ फोरम की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया।
श्री गोयल ने ओंटारियो टीचर्स पेंशन प्लान की अध्यक्ष और सीईओ जो टेलर से मुलाकात की और बुनियादी ढांचे, नवीकरणीय ऊर्जा, वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी और डिजिटल अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत में निवेश के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने भारत की मजबूत विकास क्षमता और विनिर्माण क्षेत्र सहित भारतीय उद्यमों के साथ साझेदारी के महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रकाश डाला, साथ ही सतत और समावेशी विकास का समर्थन करने की बात कही।
वाणिज्य मंत्री ने सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स के अध्यक्ष और सीईओ जॉन ग्राहम से भी मुलाकात की और बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, परिवहन, वित्तीय सेवाओं और डिजिटल बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत में दीर्घकालिक संस्थागत निवेश बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने बुनियादी ढांचे, रियल एस्टेट और वित्तीय सेवाओं में किए गए महत्वपूर्ण निवेशों में परिलक्षित भारत की विकास गाथा में सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स के अटूट भरोसे का स्वागत किया, जो भारत की आर्थिक बुनियाद और भविष्य की क्षमता में वैश्विक स्तर पर मजबूत विश्वास को दर्शाता है।
श्री गोयल ने दिन के कार्यक्रमों की समाप्ति कनाडा-भारत फाउंडेशन के सदस्यों के साथ बातचीत से की। उन्होंने व्यापारिक सहयोग और लोगों के बीच परस्पर संबंधों को मजबूत करके दोनों देशों को निकट लाने में भारत-कनाडा समुदाय के अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित