औरैया , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में गोमती एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हृदय गति रुकना मौत का संभावित कारण बताया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि लखनऊ के आलमबाग निवासी मानवेंद्र सिंह (49) नोएडा की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और शुक्रवार रात गोमती एक्सप्रेस से लखनऊ लौट रहे थे। इटावा पार करने के बाद अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और फफूंद स्टेशन के पास स्थिति गंभीर हो गई।
सूचना पर सक्रिय हुई जीआरपी ने ट्रेन रुकते ही उन्हें उतारकर एंबुलेंस से दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने जेब में मिले पहचान पत्र से उनकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
परिजनों के औरैया पहुंचने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित