पटना , फरवरी 27 -- बिहार की राजधानी पटना के बहुचर्चित उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड मामले में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय नीरज कुमार की अदालत में मामले का चल रहे स्पीडी ट्रायल के तहत शुक्रवार को अभियोजन पक्ष के आठवें गवाह का बयान कलम बंद किया गया। अभियोजन की ओर से आठवें गवाह के रूप में तत्कालीन दारोगा तनेश पायल को पेश किया गया जिसकी गवाही दर्ज की गई । इस मामले में सुनवाई के लिए अदालत ने अगली तिथि 10 मार्च निर्धारित की है। गवाही के दौरान इस मामले में आरोपित उमेश यादव को जेल से लाकर अदालत में सशरीर उपस्थित कराया गया था, जबकि दूसरे आरोपित अशोक साहू उर्फ अशोक कुमार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में उपस्थित कराया गया था।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष 04 जुलाई की रात्रि में अपराधियों ने उद्योगपति गोपाल खेमका की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वे गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक स्थित कटारुका अपार्टमेंट अपने घर के नजदीक पहुंचे थे। अपराधी वहां पूर्व से घात लगाए बैठे थे ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित