गोपालगंज,31अगस्त(वार्ता)केंद्र एवं राज्य सरकार के नवाचारी प्रयास ' रिफॉर्म उत्सव' के सफल क्रियान्वयन के तहत गोपालगंज जिले में दो अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक 'जन मंथन' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, इसके अंतर्गत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर जन मंथन सभाओं का आयोजन कर आम नागरिकों से सरकारी प्रक्रियाओं एवं सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए रचनात्मक एवं व्यावहारिक सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।रिफॉर्म उत्सव के तहत विभिन्न स्तरों पर सभा को आयोजित करने का उद्देश्य केवल शिकायतों का संकलन करना नहीं, बल्कि व्यवस्था में स्थायी एवं व्यवस्थित सुधार के लिए नागरिकों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इन सभाओं के माध्यम से आमजन प्रशासन के साथ सीधे संवाद करते हुए सरकारी योजनाओं, सेवाओं एवं प्रक्रियाओं में आने वाली कठिनाइयों तथा उनके समाधान के संबंध में अपने सुझाव साझा कर सकेंगे।
जन मंथन कार्यक्रम के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला पदाधिकारी समीर सौरभ द्वारा जिला स्तरीय समन्वय समिति का गठन किया गया है। जिला पदाधिकारी समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि अपर समाहर्ता को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। समिति द्वारा जन मंथन सभाओं के आयोजन, प्राप्त सुझावों के संकलन, पोर्टल पर सुझावों की प्रविष्टि, संबंधित विभागों को अग्रसारित करने, त्वरित समाधान योग्य मामलों की पहचान तथा सुधारों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाएगी।
सरकारी प्रक्रियाओं के सुधार में आम नागरिकों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करना है। शिकायतों के स्थान पर सिस्टेमेटिक एवं रचनात्मक सुधार के सुझाव प्राप्त करना। प्रशासन एवं जनता के बीच सीधा एवं प्रभावी संवाद स्थापित करना।समस्याओं के त्वरित समाधान तथा मध्यम अवधि में किए जाने वाले सुधारों की पहचान करना। तकनीकी सहायता के माध्यम से प्राप्त सुझावों की ऑन-स्पॉट प्रविष्टि एवं डिजिटल रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करना।नागरिकों के सुझावों को विभागीय स्तर पर कार्रवाई से जोड़कर परिणाम आधारित सुधार को बढ़ावा देना।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित