, Aug. 19 -- पटना, 19 अगस्त गोपालगंज के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने वित्तीय अनियमितता एवं राशि के दुरुपयोग के आरोप के आधार पर राजकीय मध्य विद्यालय, जलालपुर, सिधवलिया के हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।

शिक्षा विभाग से जारी सूचना के अनुसार इस मामले में निलंबित हेडमास्टर राकेश कुमार शर्मा के खिलाफ आरोप पत्र गठित कर अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करते हुए विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

डीपीओ, स्थापना ने 27 जुलाई को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। जांच में विद्यालय के वित्तीय अभिलेखों के हस्तांतरण, छात्र कोष एवं विकास कोष की राशि के जमा एवं निकासी तथा खर्च से संबंधित कई अनियमितताएं पाई गईं।

इस जांच में पाया गया कि वर्तमान प्रधानाध्यापक के योगदान के बाद भी वित्तीय दस्तावेज समय पर हस्तांतरित नहीं किए गए। वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 के दौरान छात्र कोष एवं विकास कोष से करीब 9.29 लाख रुपये की निकासी का विवरण मिला, लेकिन निकासी के दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अलावा कंपोजिट ग्रांट एवं खेलकूद मद की राशि से संबंधित अभिलेख भी जांच के दौरान प्रस्तुत नहीं किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित