गोपालगंज, जुलाई 05 -- गोपालगंज जिला मुख्यालय राजद का 30वां स्थापना दिवस रविवार को पूरे उत्साह, जोश एवं गरिमामय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया।

इस अवसर पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने ऑनलाइन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए थे, जिनके माध्यम से उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनका संबोधन सुना। उन्होंने पार्टी के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि राजद सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया और सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता तथा संविधान की रक्षा के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए प्रभारी विधायक जितेन्द्र कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, अति पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों एवं समाज के हर कमजोर वर्ग की आवाज़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के 30 वर्षों का सफर संघर्ष, सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रति समर्पण का इतिहास रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत के साथ जुटने तथा पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि राजद अपने स्थापना काल से ही गरीब-गुरबों, पिछड़े-अतिपिछड़े, दलित-अल्पसंख्यक तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज बना है और अंतिम दम तक इनकी हक-हकूक की लड़ाई लड़ता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित