पटना , मार्च 02 -- नाबार्ड राज्य योजना के तहत गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड में घोघरी नदी पर निर्माणाधीन आरसीसी पुल की ढलाई के दौरान स्पैन क्षतिग्रस्त होने पर लापरवाही के आरोप में ग्रामीण कार्य विभाग ने कार्यपालक, सहायक और कनीय अभियंता को निलंबित कर दिया है और संवेदक बापूधाम कंस्ट्रक्शन के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में विभागीय सूत्रों ने बताया है कि बखरौल कुर्मी टोला स्थित पुल के एल-041 से एल-039 तक का हिस्सा ढलाई के दौरान गिर गया, हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई। विभाग ने जांच के लिये मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, नोडल पदाधिकारी और वरीय पुल सलाहकार की टीम को मौके पर भेजा है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पुल निर्माण से पहले डीपीआर की वरीय पुल सलाहकार से जांच कराने के निर्देशों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। यह पुल 7 मार्च, 2025 को बनना शुरू हुआ था और इसे 6 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है। विभाग ने दोहराया है कि डीपीआर की सख्त समीक्षा से गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित