गोपालगंज, अप्रैल 21 -- बिहार में गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मंगलवार को 'स्व-गणना' अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

बैठक के दौरान जिले में चल रहे डेटा संग्रहण कार्य की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक और सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधकों के साथ प्रखंडवार आंकड़ों का मिलान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशि दिये कि वे अपने क्षेत्रों में जीविका समूहों के समन्वय के साथ-साथ आम नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ें। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि स्व-गणना प्रपत्र भरने का कार्य पूरी तरह डिजिटल है, जिसे आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से संपन्न किया जाना है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी बीपीएम को पूर्व में ही इस कार्य के लिए तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा चुका है, अतः अब मैदानी स्तर पर इसकी प्रगति सुनिश्चित करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से प्राप्त आंकड़े जिले की भविष्य की योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी देखरेख में शुद्ध और सटीक डेटा पोर्टल पर दर्ज करवाएं।

इस समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से विशेष कार्य पदाधिकारी संदीप कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी विशाल कुमार सहित सभी प्रखंडों के बीपीएम मौजूद थे।सांख्यिकी पदाधिकारी ने पोर्टल के तकनीकी संचालन पर चर्चा की और बताया कि किस तरह आम नागरिक भी आसानी से वेबसाइट पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित