पटना , सितंबर 30 -- बिहार में गंडक नदी के बढ़े जलस्राव और गंगा के खतरे के निशान से ऊपर बहने के बीच गोपालगंज और सारण जिले में दो स्थानों पर तटबंध टूट गये हैं और इन जिलों के कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ गया है।

गोपालगंज के बैकुण्ठपुर प्रखंड के शीतलपुर में करीब छह मीटर और सारण के मकेर प्रखंड के हैजलपुर में करीब आठ मीटर तक तटबंध में धंसान हुआ है। इससे दोनों जिलों के कई गांवों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने और संपर्कता भंग होने की आशंका है।

इस संबंध में जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें बचाव एवं फ्लड फाइटिंग कार्य में जुटी हैं।

जल संसाधन विभाग से बुधवार को जारी गंडक फ्लैश फ्लड प्रतिवेदन के अनुसार, गोपालगंज जिले के बैकुण्ठपुर प्रखंड के शीतलपुर गांव में गंडक नदी के दायें मुख्य तटबंध के नदी की ओर स्थित बंधौली-शीतलपुर-फैजुल्लाहपुर (बीएसएफ) जमींदारी बांध में करीब छह मीटर तक धंसान के कारण तटबंध टूट गया है। इससे बैकुण्ठपुर प्रखंड के परसौनी, शीतलपुर और पकहां गांवों के निचले इलाकों में पानी फैलने तथा आवागमन बाधित होने की आशंका है। हालांकि सारण मुख्य तटबंध सुरक्षित बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित