गोपालगंज,10अप्रैल(वार्ता)बिहार के गोपालगंज जिले में सिधवलिया अंचल की अंचल पदाधिकारी (सीओ)प्रीति लता के विरुद्ध जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने वायरल ऑडियो के आधार पर यह कार्रवाई की है।वायरल ऑडियो में सीओ की बातचीत फरार कुख्यात अपराधी रंजन यादव से बताई जा रही है, जिसमें सरकारी जमीन पर आंगनबाड़ी केंद्र बनाने के मुद्दे पर चर्चा के साथ उसे विभागीय कार्रवाई से बचाने और मदद करने की बात सामने आई है।

हालांकि यह ऑडियो करीब दो साल पुराना बताया जा रहा है, जो दो दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रंजन यादव गोपालगंज के कुख्यात अपराधी सुरेश यादव की पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हुई हत्या के मामले में पिछले छह माह से फरार है।गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने आज यहां बताया कि सिधवलिया अंचल पदाधिकारी और कुख्यात अपराधी के बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।ऑडियो में स्पष्ट सुन जा रहा हैं कि कुख्यात अपराधी को अभिवादन करते हुए सरकारी भूमि को साजिश और सुनियोजित तरीके से बंदरबाट किया जा रहा है।इसलिए सीओ)प्रीति लता के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आदेश निर्गत किया गया हैं।उन्होंने कहा कि अंचल पदाधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए भी सरकार को पत्र लिखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित