गोपालगंज , जून 30 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने मंगलवार को जिले के मंझा प्रखंड अंतर्गत धर्मपरसा एवं बरौली प्रखंड अंतर्गत चरवाहा बिशनपुर में नव स्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, भवन निर्माण की स्थिति, कक्षाओं के संचालन, छात्र-छात्राओं की सुविधा एवं शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी से महाविद्यालय के संचालन से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नव स्थापित महाविद्यालयों को बेहतर तरीके से विकसित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिल सके।

जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान महाविद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर, पुस्तकालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित इन महाविद्यालयों का सुचारू संचालन प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित