गोपालगंज,24अप्रैल (वार्ता) बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को जिला पशुपालन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।

इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विभागीय कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति तथा कार्यालय व्यवस्था का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में अभिलेखों के संधारण, फाइलों के अद्यतन स्थिति एवं योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने पाया कि कुछ मामलों में अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक नहीं है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों को सुधार लाने का निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालय में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और कार्यों में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

जिला पदाधिकारी श्री सिन्हा ने पशुपालन विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं पशुधन विकास, टीकाकरण अभियान, दुग्ध उत्पादन वृद्धि एवं पशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लाभुकों की संख्या तथा भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाया जाए।निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित