गोपालगंज,26फरवरी(वार्ता)बिहार के गोपालगंज जिले की एक अदालत ने पांच वर्ष पूर्व हुई जघन्य हत्या के मामले में दो दोषियों को उम्रकैद की सजा के साथ एक-एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
गोपालगंज जिला अदालत के जज-नवम राकेश रंजन सिंह ने आज अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया। अदालत के फैसले के बाद दोनों दोषियों को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेज दिया गया।
अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता राजेश कुमार पाठक ने बताया कि 14 अगस्त 2020 को उचकागांव थाना क्षेत्र के नवादा परसौनी निवासी अनवर हुसैन के पुत्र अफसर अली अपनी पत्नी का इलाज कराने सुमन हॉस्पिटल पहुंचे थे। इसी दौरान उनके परिचित राजापुर गांव निवासी तबरेज आलम और तिरविरवा गांव निवासी जाकिर हुसैन ने उन्हें फोन कर बुलाया। दोनों आरोपियों ने अफसर अली को जादोपुर थाना क्षेत्र में गंडक नदी के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच में खुलासा हुआ कि अफसर अली ने आरोपियों को 16 लाख रुपये उधार दिए थे, जिसे हड़पने की नीयत उसने हत्या की साजिश रची थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित