गोपालगंज , मई 23 -- जिले में संभावित बाढ़ एवं कटाव की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है और इसी क्रम में शनिवार को जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने कुचायकोट प्रखंड अंतर्गत अहिरौली दान से लेकर विशम्भरपुर भैंसही तक तटबंधों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

इस निरीक्षण के दौरान तटबंधों की स्थिति, साफ-सफाई, सुरक्षा कार्य एवं चल रहे बाढ़ निरोधी कार्यों का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने तटबंधों पर उगी झाड़ियों एवं अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए जल निश्रण विभाग, सिवान के संबंधित कार्यपालक अभियंता 15 जून 2026 तक हर हाल में सभी तटबंधों की साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात एवं बाढ़ के मौसम से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी होनी चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार की आपदा से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में मंगलपुर पुल का भी अवलोकन किया। यहां चल रहे बाढ़ नियंत्रण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल गोपालगंज को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 15 जून से पूर्व किसी भी परिस्थिति में कार्य को पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित