अगरतला , जुलाई 12 -- त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने आरोप लगाया है कि कुछ निलंबित सरकारी अधिकारी गोपनीय सरकारी दस्तावेज विपक्षी दलों को लीक कर रहे हैं, जिनका इस्तेमाल राज्य सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार करने और जनता को गुमराह करने के लिए किया जा रहा है।
एक प्रश्न के उत्तर में डॉ. साहा ने कहा कि सरकारी गोपनीयता का उल्लंघन गंभीर मामला है और सेवा नियमों या गोपनीयता संबंधी दायित्वों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों से सेवानिवृत्ति या निलंबन के बाद भी सेवा आचरण नियमों के तहत गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा और अनुशासन बनाये रखने की अपेक्षा की जाती है।
मुख्यमंत्री ने हालांकि उन निलंबित अधिकारियों के नामों का खुलासा नहीं किया, जिन पर दस्तावेज लीक करने का आरोप है। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि मामले में कोई औपचारिक जांच या कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि विपक्ष ने मुख्यमंत्री के सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पी. के. चक्रवर्ती तथा प्रशासनिक सुधार विभाग के विशेष सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अनिंद्य भट्टाचार्य पर आय से अधिक संपत्ति और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित