देहरादून , नवंबर 26 -- उत्तराखण्ड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में राज्य मुख्याल में बुधवार को संविधान दिवस पर एक गोष्ठी आयोजित हुई। उन्होंने अपने वक्तव्य में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों और उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

उन्होंने कहा कि सविधान केवल एक दस्तावेज नही बल्कि देश की आत्मा है। इसकी रक्षा करना हर नागरिक और विशेषकर हम सभी कांग्रेजनों का पवित्र कर्तव्य है। उन्होंने वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण पर चिन्ता व्यक्त करते हुए सभी कार्यकर्ताओें से लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्व करने का आह्वान किया।

श्री गोदियाल ने कहा कि जब देशभर में संविधान और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की बात की जा रही है, ऐसे समय में भाजपा लगातार संविधान की मर्यादाओं को कमजोर करने वाले निर्णय ले रही है। जिससे आम जनता में चिंता का माहौल है।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य राजेन्द्र सिंह भण्डारी ने किया।

इस दौरान, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ आंदोलनकारी दिवाकर भट्ट एवं आज ही के दिन मुंबई में हुए आतंकी हमले में शहीद लोगों की स्मृति में मौन रखा गया। गोष्ठी में पूर्व विधायक हीरा सिंह बिष्ट, मनोज रावत, जोत सिंह, सूर्यकान्त धस्माना, वैभव वालिया, महिला सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित, डॉ. जसविन्द सिंह गोगी आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित