हैदराबाद , अक्टूबर 26 -- तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) की मीडिया समिति के अध्यक्ष एवं सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर गोदावरी के पानी के इस्तेमाल को लेकर झूठा प्रचार फैलाने का आरोप लगाया।

श्री रेड्डी ने गांधी भवन में मीडिया से बातचीत में कहा कि बीआरएस को लगता है कि विपक्षी दल की भूमिका केवल सरकार की आलोचना करने तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव (केटीआर) 10 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद निराधार बयान दे रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस यह कहकर दुर्भावनापूर्ण प्रचार कर रही है कि राज्य में कोई विकास कार्य नहीं होना चाहिए, क्योंकि जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोग अब केटीआर के दावों पर विश्वास करने को राजी नहीं हैं और विपक्ष से जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करने का आग्रह किया।

कालेश्वरम परियोजना में पानी की स्थिति के बारे में बताते हुए श्री चमाला ने कहा कि कन्नेपल्ली से मेदिगड्डा तक पानी उठाने के लिए जलस्तर 93.5 मीटर होना जरूरी है, जबकि वर्तमान में यह केवल 89.20 मीटर है। उन्होंने कहा कि मेदिगड्डा, सुंडिल्ला और अन्नारम में भी पानी उठाने के लिए आवश्यक जलस्तर से कम है।

उन्होंने कहा कि कालेश्वरम परियोजना को तेलंगाना से होकर बहने वाले गोदावरी के पानी का उपयोग करने के उद्देश्य से बनाया गया था लेकिन मौजूदा स्थिति में पानी को आवश्यक मात्रा में उठाना और उसका भंडारण करना संभव नहीं है। उन्होंने बीआरएस के इस आरोप को खारिज किया कि पानी आंध्र प्रदेश की ओर बहकर जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित