भरतपुर , अप्रैल 05 -- राजस्थान में करौली में नवनियुक्त जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने रविवार को कलेक्ट्रेट में पदभार ग्रहण किया।

श्री गोदारा को बूंदी से स्थानांतरित करके करौली जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में उनके आगमन पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद गोदारा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

इस अवसर पर उन्होंने जिले की वर्तमान स्थिति और जारी सरकारी योजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी ली। श्री गोदारा ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि आमजन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने राज्य सरकार के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि प्रत्येक महीने 500 असंतुष्ट परिवादों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। करौली एक अति पिछड़ा जिला है, इसलिए राज्य और केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू करके विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित