गोण्डा , जून 10 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में गोण्डा-लखनऊ राजमार्ग पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि कर्नलगंज क्षेत्र से गुजर रहे गोण्डा-लखनऊ मार्ग पर संतोष ढाबे के समीप दो मोटरसाइकिलें अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर घटनास्थल पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए निकल गई। कार की चपेट में आने से कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से चार की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गुलशन, मोहम्मद हसन, इम्तियाज और संजय के रूप में हुई है। वहीं घायलों में विनय, परवेज, अंशुमान तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है तथा फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित