गोण्डा , जनवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने उत्तराखंड से फरार इनामी बदमाश को सोमवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मंगलवार को यूनीवार्ता को बताया कि 25 हजार का इनामी बदमाश दौलत खां ने अपने साथियों संग उत्तराखंड प्रांत के कई जिलों संग शाहजहापुर ,रामपुर और गोण्डा समेत आसपास के क्षेत्रों में दुकानों व घरों में नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम दिया और गोण्डा में आकर छिप गया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस की नगर कोतवाली टीम और विशेष कार्य बल की संयुक्त टीम ने बीती रात सूचना मिलने पर मिश्रौलिया पुलिस चौकी के पास से बदमाश को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया लेकिन तभी दुर्दांत बदमाश ने दुस्साहस दिखाते हुये पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दिया। उन्होंने बताया कि जवानों ने मोर्चा संभालते हुये जवाबी फायरिंग की जिससे पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल अपराधी को पुलिस ने उपचार के लिये अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया।

सात मुकदमों में वांछित बदमाश के कब्जे से असलहा,कारतूस व चालीस हजार नगद,मोटरसाइकिल और आभूषण बरामद किया गया हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित