गोण्डा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले की नगर कोतवाली क्षेत्र में रूस भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आरोप के अनुसार देवीपाटन मंडल के गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती के अलावा बस्ती जनपद तथा बिहार प्रांत के करीब 200 लोगों से रोजगार के लिए रूस भेजने का झांसा देकर मल्टी इंटरनेशनल काउंसिलिंग कम्पनी नामक संस्था ने लाखों रुपये वसूल लिए। पीड़ितों को कथित तौर पर फर्जी वीजा थमा दिए गए।
जब सभी अभ्यर्थी दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो दस्तावेजों की जांच में फर्जीवाड़ा सामने आ गया। दिल्ली पुलिस की सलाह पर सभी पीड़ित गोण्डा की नगर कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वादी अवधेश कुमार पाण्डेय की तहरीर पर छह आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने पीड़ितों की निशानदेही पर नगर के उतरौला रोड स्थित कंपनी कार्यालय पर छापेमारी कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पकड़े गए लोगों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों से भी संपर्क किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित