गोण्डा , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटॆ में मां दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान पांच श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गयी। पुलिस के अनुसार ,तरबगंज क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मनपुर स्थित पोखरे में प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन युवक डूब गए जिसमें एक की मृत्यु हो गयी जबकि दो अन्य लापता हैं l इसी प्रकार धानेपुर क्षेत्र के कुआनो नदी के भैसहवा घाट पर मूर्ति विसर्जन के दौरान दद्दन (35), प्रिंस (22) और दीपक (23), उत्तम( 22) प्रतिमा विसर्जन करते पानी में डूबने लगे तभी तीनो को बचाने के चक्कर में तुलाराम शुक्ला (50) निवासी शिवबक्शपुरवा बिहुरी गहरे पानी में लापता हो गया जबकि चारों युवकों को बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने बताया कि वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम राजा सगरा के पास मूर्ति विसर्जन से वापस लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक से भिड़ंत हो गयी। घटना में ट्रॉली सवार दस श्रद्धालु घायल हो गये। सूचना मिलने पर मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया जहां उपचार के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया जबकि अन्य आठ घायलों का उपचार चल रहा हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित