गोण्डा , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को झोपड़ी में आग लगने के बाद घरेलू गैस सिलेंडर फटने से युवक को बचाने गए उसके चाचा की जलकर मृत्यु हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोतीगंज थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव में सोनू के फूस के मकान में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटों से घर में रखा एलपीजी घरेलू सिलेंडर तेज गर्मी के कारण फट गया, जिससे घर में मौजूद सोनू आग की चपेट में आकर झुलसने लगा। भतीजे को बचाने के प्रयास में उसके चाचा श्यामलाल (60) घर के अंदर कूद गए। इस दौरान सोनू को तो बचा लिया गया, लेकिन श्यामलाल गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मृत्यु हो गई।

आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया और शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है।

अग्निकांड के कारणों की जांच कराई जा रही है। वहीं राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित