गोड्डा , अक्टूबर 29 -- झारखंड के गोड्डा जिले में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान आजमपुर गांव निवासी कन्हाई मंडल और उनकी पुत्रवधू पुतुल देवी के रूप में हुई है। हादसा गोड्डा नगर थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब कन्हाई मंडल बकरी बेचने के लिए गोड्डा कॉलेज हाट जा रहे थे। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कन्हाई मंडल अपनी बकरी बेचने के लिए गांव के खेतों के रास्ते गोड्डा कॉलेज हाट जा रहे थे। इसी दौरान खेत में गिरा हुआ हाईटेंशन बिजली तार उनकी नजर में नहीं आया और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। ससुर को बिजली के तार की चपेट में आया देखकर उनकी पुत्रवधू पुतुल देवी उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं। हालांकि, उन्हें बचाने के प्रयास में पुतुल देवी भी करंट की चपेट में आ गईं। इस हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लटकते बिजली तारों की समस्या के बारे में विभागीय अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तारों की मरम्मत और सुरक्षा के उपाय किए गए होते, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी दिनेश महली मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
वहीं, बिजली विभाग ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इस घटना ने क्षेत्र में बिजली तारों की सुरक्षा और विभागीय लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित