जयपुर , सितंबर 02 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में 28 अगस्त से 26 सितंबर तक लगनेवाले गोगामेडी मेले में अतिरिक्त यात्री भार के मद्देनजर बुधवार से शुक्रवार तक गोगामेडी-अलीगढ़-गोगामेडी अनारक्षित मेला स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया गया है।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04749 गोगामेडी-अलीगढ़ अनारक्षित मेला स्पेशल दो से चार सितंबर तक (03 ट्रिप) गोगामेडी से 19.05 बजे रवाना होकर अगले दिन 04.50 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04750 अलीगढ-गोगामेडी अनारक्षित मेला स्पेशल तीन से पांच सितंबर तक (03 ट्रिप) अलीगढ़ से 06.30 बजे रवाना होकर 17.30 बजे गोगामेडी पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में तहसील भादरा, सादुलपुर, लोहारू, महेन्द्रगढ़, रेवाडी, दिल्ली, गाजियाबाद, दादरी एवं खुर्जा जं. स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस रेलसेवा में 16 साधारण श्रेणी सहित कुल 18 डिब्बे होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित