फिरोजाबाद , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में बुधवार रात राजस्थान के गोगाजी महाराज के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप मैक्स गाड़ी में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिरसागंज थाना क्षेत्र में हाईवे पर टोल प्लाजा से पहले श्रद्धालुओं की पिकअप मैक्स गाड़ी फास्टैग रिचार्ज कराने के लिए खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। गाड़ी में 22 यात्री सवार थे, जो इटावा से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित गोगामेड़ी में गोगाजी महाराज के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा।

पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का सैफई पीजीआई में उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अधिकांश यात्री इटावा के रहने वाले बताए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित