रायपुर , अक्टूबर 31 -- दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया और पटना के बीच विशेष रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। यह रेलगाड़ी दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इसके संचालन से छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रेलवे से शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08895 गोंदिया-पटना विशेष रेलगाड़ी छह से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08896 पटना-गोंदिया विशेष रेलगाड़ी सात से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी।

इस विशेष रेलगाड़ी का ठहराव दोनों दिशाओं में गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, गोंदिया-पटना विशेष रेलगाड़ी प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर गोंदिया से रवाना होगी। यह दोपहर एक बजकर 26 मिनट पर डोंगरगढ़, एक बजकर 50 मिनट पर राजनांदगांव, दो बजकर 45 मिनट पर दुर्ग, तीन बजकर 35 मिनट पर रायपुर, शाम चार बजकर 30 मिनट पर भाटापारा, छह बजे बिलासपुर, सात बजे चांपा और रात आठ बजकर 10 मिनट पर रायगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन शाम चार बजकर 30 मिनट पर पटना पहुंचेगी।

इसी प्रकार पटना-गोंदिया विशेष रेलगाड़ी प्रत्येक शनिवार को शाम छह बजकर 10 मिनट पर पटना से रवाना होगी। यह अगले दिन दोपहर तीन बजकर 28 मिनट पर रायगढ़, शाम चार बजकर 38 मिनट पर चांपा, छह बजकर 50 मिनट पर बिलासपुर, सात बजकर 40 मिनट पर भाटापारा, रात नौ बजकर 50 मिनट पर रायपुर, 11 बजकर 20 मिनट पर दुर्ग और 11 बजकर 41 मिनट पर राजनांदगांव पहुंचेगी। इसके बाद तीसरे दिन रात 12 बजकर 15 मिनट पर डोंगरगढ़ होते हुए तड़के तीन बजे गोंदिया पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार, इस विशेष रेलगाड़ी में कुल 20 डिब्बे रहेंगे। इनमें द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के एक, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के तीन, शयनयान श्रेणी के 10, सामान्य श्रेणी के चार तथा दो सामान एवं दिव्यांगजन अनुकूल डिब्बे शामिल हैं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा प्रारंभ करने से पहले रेलगाड़ी के संचालन दिवस, निर्धारित समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट तथा राष्ट्रीय रेलगाड़ी पूछताछ प्रणाली से प्राप्त कर लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित