रायपुर , अगस्त 19 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच रेलवे लाइन पर लोहे का पाइप रखकर रेल आवागमन बाधित करने का मामला सामने आया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार शाम करीब 5.20 बजे रेलवे ट्रैक केएम नंबर 827/24 बी पर हुई। अज्ञात व्यक्ति ने ट्रैक पर करीब 1.5 इंच मोटा और सात फुट लंबा लोहे का पाइप रख दिया था। इसी दौरान उक्त रेल मार्ग से एक मालगाड़ी गुजर रही थी। ट्रैक पर पाइप होने के कारण रेल आवागमन प्रभावित हुआ। इसकी सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई की।
मामले में जीआरपी थाना रायपुर ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीआरपी के अनुसार रेलवे ट्रैक पर इस प्रकार की वस्तु रखना गंभीर अपराध है और इससे ट्रेन दुर्घटना होने के साथ यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो सकता है।
अज्ञात आरोपी की पहचान और पतासाजी के लिए जीआरपी थाना रायपुर ने गुढ़ियारी थाना पुलिस से भी सहयोग मांगा है। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास की संदिग्ध गतिविधियों तथा लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप किसने और किस मंशा से रखा था।
फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है और जीआरपी तथा गुढ़ियारी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित