गोंडा , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में नगर कोतवाली क्षेत्र के पोर्टरगंज पथवलिया गांव में शुक्रवार को हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से एक युवक की झुलसकर मौत हो गई। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि जर्जर हाईटेंशन तार गिरने से 35 वर्षीय रंजीत तिवारी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतक के भाई अमरजीत के अनुसार, कंपोजिट विद्यालय पथवलिया के पास रंजीत के घर के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। इसको लेकर रंजीत लंबे समय से बिजली विभाग से तार हटाने या ठीक कराने की मांग कर रहा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शुक्रवार को तेज हवा के कारण तार पेड़ से टकराकर झूलने लगा। रंजीत आसपास के लोगों को सावधान कर रहा था, तभी अचानक तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की मांग पर घटना की जांच के लिए प्रशासनिक टीम गठित कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित