गोण्डा , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के कौड़िया बाजार थानाक्षेत्र मे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मां बेटे की मौत हो गयी है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि आर्यनगर चौराहे के पास यह हादसा बीती देर रात उस समय हुआ जब अपने मायके कटरा बाजार से पहुंची रीता (26) अपने बेटे लकी (11) संग घर के बाहर बैठी थी कि बेकाबू ट्रक ने लकी को रौंद दिया और करीब पचास मीटर तक सड़क पर रगड़ता चला गया। मां रीता उसे बचाने के लिये दौड़ी तो वो भी ट्रक की चपेट में आ गयी और मां-बेटे की मौके पर मृत्यु हो गयी lमृतक रीता कटरा बाजार थाना इलाके की बतायी गयी हैं। घटना से आक्रोशित परिजनों नें ग्रामीणों संग आर्यनगर चौराहा जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय नें समझा बुझा कर मामला शांत कराकर जाम हटवाया और आवागमन बहाल करा दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित