भरतपुर , अगस्त 12 -- राजस्थान में भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर बुधवार को 35 टन गैस से भरे एक टैंकर के अनियंत्रित होकर डिवाईडर पर चढ़ जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कांडला से गैस भरकर भरतपुर होते हुए फर्रुखाबाद की ओर जा रहे इस टैंकर के आगे चल रहे ट्रेलर ने केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान के सामने अचानक ब्रेक लगा दिया। गैस टैंकर के चालक धर्मेंद्र सिंह ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों वाहनों की भिड़ंत को रोकने के लिए टैंकर को डिवाईडर की तरफ घुमा दिया जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

सूूत्रों ने बताया कि इस दौरान टैंकर पलटा नहीं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर को क्रेन से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित