होशियारपुर , जून 19 -- पंजाब में होशियारपुर जिले के टांडा कस्बे में गुरुवार देर शाम एक मिठाई की दुकान के फास्ट-फूड सेक्शन में गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण आग लग गयी जिससे पांच कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गये, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
टांडा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिंदरजीत सिंह नागरा ने शुक्रवार को बताया कि आग रात करीब 8:30 बजे उस समय लगी, जब दुकान के कर्मचारी फास्ट-फूड सेक्शन में काम कर रहे थे। एक व्यावसायिक गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के बाद अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते खाना बनाने वाले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने कहा कि आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया, जिससे आग को मुख्य दुकान तक फैलने से पहले ही काफी हद तक काबू कर लिया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया।
श्री नागरा ने बताया कि आग केवल फास्ट-फूड तैयार करने वाले हिस्से तक ही सीमित रही, जिससे व्यस्त बाजार क्षेत्र में एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। आग लगने और उसे बुझाने के दौरान करीब पांच कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गये। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टांडा में प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दुकान मालिक लखविंदर सिंह और संदीप सिंह बंटी ने बताया कि आग से फास्ट-फूड सेक्शन को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता और समय रहते किए गए प्रयासों के कारण मुख्य दुकान सुरक्षित बच गयी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस सिलेंडर से हुआ रिसाव माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित