मोहाली , मई 03 -- पंजाब के मोहाली में घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि को आम जनता पर बोझ बताया। आप कार्यकर्ताओं का कहना है कि महंगाई पहले ही लोगों की कमर तोड़ चुकी है, ऐसे में गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी समस्या बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है और जरूरी चीजों के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों को तुरंत कम किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखा। आप नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कीमतों में कमी नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित