मऊ , मार्च 12 -- मऊ में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात के चलते कुछ लोगों द्वारा जिले में गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह फैलाई जा रही है, जो पूरी तरह गलत है। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
श्री सिंह ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की 11, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) की 7 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) की 12 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इस प्रकार जिले में कुल 30 एजेंसियां कार्यरत हैं, जबकि कुल उपभोक्ताओं की संख्या 4,82,976 है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडरों का कुल स्टॉक 17,363 है और घरेलू गैस की उपलब्धता पर्याप्त है। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग और डिलीवरी कोड के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ता किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता होने पर संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित