रामनगर , मार्च 14 -- उत्तराखंड के रामनगर में शनिवार को पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस की कीमतों में बढ़ोतरी एवं घरेलू व व्यावसायिक गैस की किल्लत के विरोध में केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान सभी कांग्रेस कार्यकता पार्टी कार्यालय में एकत्र हुए, जहां से पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में कार्यालय से रानीखेत रोड तक 'सदन से नरेंद्र गायब, किचन से सिलेंडर गायब, गैस की बढ़ी हुई कीमतें वापस लो, नहीं चाहिए हमें अच्छे दिन, हमें लौटा दो हमारे पुराने दिन, तानाशाही सरकार नहीं चलेगी' नारों के साथ भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान रानीखेत रोड में विधायक रावत ने विरोध स्वरुप देश के प्रधानमंत्री के गैस बढ़ाने के फार्मूले का प्रयोग करते हुए गैस पाइप को नाले में डालकर चाय बनाने की भी कोशिश की। इस दौरान पूर्व विधायक ने कहा की आज देश बड़ी दुविधा में है अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प के इशारों पर नाच कर देश के सम्मान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

उन्हाेंने कहा कि केंद्र सरकार की नीति के कारण यह परेशानी लोगों को उठानी पड़ रही है। देश की अव्यवस्थाओं के हाल देश के प्रधानमंत्री के दबाव में आने के कारण हो रहे हैं। उन्होंने कहा की एप्सटिन फाइल को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के दबाव में विदेश नीति को खराब करने का काम किया जा रहा है, साथ ही केंद्र सरकार की कमजोरी के कारण हमारी नीतियों में अमेरिकी राष्ट्रपति का हस्तक्षेप हो रहा है। उन्हांने कहा कि आज अमेरिका यह तय कर रहा है कि हम कहां से तेल खरीदेंगे कहां से नहीं जो दुर्भाग्यपूर्ण है। देश के लोग महंगा तेल व गैस खरीदने को मजबूर हैं। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर महिलाओं की रसोई का बजट बिगड़ने का काम किया गया है।

विधायक रावत ने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष रामनगर देशबंधु रावत, ब्लॉक अध्यक्ष मालधन ओम प्रकाश, जिला उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल खुलासा, भुवन पाण्डेय, नगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस ललिता उपाध्याय ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस रामनगर ऊषा जोशी, ब्लॉक अध्यक्ष महिला कांग्रेस मालधन पुष्पा देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित