चित्तौड़गढ़ , मार्च 16 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्रसिंह जाड़ावत के नेतृत्व में गैस की किल्लत को लेकर सोमवार को खाली सिलेंडर के साथ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया ।

जिला कांग्रेस के प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करके खाली गैस सिलेंडरों के साथ प्रदर्शन किया।

पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय तनाव के चलते भारत में गैस की किल्लत आ रही है, ऐसी स्थिति में जनता में रसोई चलाने का डर फैल रहा हैं। वर्तमान में हमारे क्षेत्र में मांगलिक कार्य अधिक चल रहे हैं ऐसे में व्यावसायिक सिलेण्डरों के दाम बढाना आपदा में अवसर के समान है। जनता गैस के लिए लाईनों मे लगी है, सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और कहीं ओटीपी नहीं आ रहे हैं। आमजन परेशान हो रहा है। हमारे क्षेत्र में लोग गैस की किल्लत को देखते हुए वापस लकडी पर निर्भरता की और बढ़ रहे है।

ज्ञापन में कहा गया है कि जनता जिस प्रकार नोटबंदी एवं कुछ समय पूर्व किसान यूरिया के लिए लाईन में लगे थे, उस समय बहुत हृदय विदारक दृश्य सामने आये, वही हालात गैस की किल्लत से बनते दिख रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित