बैतूल , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के सारणी थाना क्षेत्र में चोरों ने घर में सो रही 74 वर्षीय वृद्धा के हाथ से सोने के कंगन काटकर चोरी कर लिए। बदमाश वृद्धा के गले से सोने की चेन भी निकालकर ले गए। कंगन काटने के दौरान वृद्धा के हाथ में चोट लग गई और घर में खून बिखर गया। परिजनों के अनुसार चोरी गए जेवरों की कीमत करीब सात लाख रुपये है, हालांकि पुलिस जांच के बाद वास्तविक नुकसान स्पष्ट होगा।
घटना सोमवार रात पाथाखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र की शोभापुर कॉलोनी में कर्मचारी नंदकुमार के घर हुई। नंदकुमार पाथाखेड़ा की कोयला खदान के महाप्रबंधक कार्यालय में एटीओ के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय उनकी मां डी. गिरजा घर के अंदर सो रही थीं।
परिजनों के अनुसार बदमाश घर के पीछे लगे दरवाजे को गैस कटर से काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने सो रही वृद्धा के हाथ में पहने सोने के कंगन काटकर निकाल लिए। कंगन काटते समय उनके हाथ में चोट लग गई। बदमाश उनके गले से सोने की चेन भी निकालकर फरार हो गए।
वृद्धा की आवाज सुनकर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। वे मौके पर पहुंचे, तब तक बदमाश भाग चुके थे। घर के अंदर वृद्धा घायल हालत में मिलीं और आसपास खून बिखरा हुआ था। घटना से वह काफी घबरा गईं।
पुलिस के अनुसार घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं होने के कारण उनसे कोई फुटेज नहीं मिल पाया है। पुलिस आसपास के घरों और रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
सूचना मिलने पर पाथाखेड़ा चौकी और सारणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी जयपाल उन्नति ने बताया कि बदमाश वृद्धा के हाथ से कंगन काटकर ले गए हैं। कंगन काटने के दौरान उनके हाथ में चोट लगी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तलाशे जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित