ऋषिकेश , मार्च 30 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में रविवार को एलपीजी गैस डिलीवरी के दौरान एजेंसी कर्मचारियों के साथ मारपीट और लूट की घटना के विरोध में सोमवार को कर्मचारियों ने कोतवाली ऋषिकेश की श्यामपुर चौकी में विरोध प्रदर्शन किया।

इंडियन गैस एजेंसी छिद्दरवाला के समस्त कर्मचारी मैनेजर के नेतृत्व में चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

एजेंसी प्रबंधन द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि रविवार को कर्मचारी दिनेश और विनोद रोज की तरह श्यामपुर क्षेत्र में गैस सिलेंडर की डिलीवरी कर रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय युवक , जो कथित रूप से नशे में था, ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की और मौके का फायदा उठाकर नकदी बैग लेकर फरार हो गया।

घटना से आक्रोशित कर्मचारियों ने आज सुबह श्यामपुर चौकी पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। एजेंसी मैनेजर ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि तहरीर के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद कर्मचारियों का आक्रोश शांत करवाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित