कानपुर , अप्रैल 22 -- कानपुर में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में लापरवाही पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए एजेंसियों को तीन दिन के भीतर लंबित बैकलॉग समाप्त करने का अल्टीमेटम दिया है।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करने वाली किसी भी ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और होम डिलीवरी व्यवस्था को सुदृढ़ कर 2 से 3 दिन में आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि कई एजेंसियों पर भारी बैकलॉग है, जिससे उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। आंकड़ों के अनुसार सुमिता गैस एजेंसी पर 2102, भागवत गैस एजेंसी पर 3588 तथा मीरा गैस एजेंसी पर 2097 सिलेंडरों का बैकलॉग पाया गया। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अब तक दो एजेंसियों पर कुल 11.18 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। भागवत गैस एजेंसी पर 4.68 लाख रुपये और सुमिता गैस एजेंसी पर 6.50 लाख रुपये की कार्रवाई की गई है। डीएम ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा में स्थिति सामान्य न होने पर संबंधित एजेंसी संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी एजेंसियों पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक एक जिम्मेदार कर्मचारी उपभोक्ता शिकायतें दर्ज कर उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करेगा। साथ ही रोजाना बैकलॉग रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आपूर्ति व्यवस्था पारदर्शी और समयबद्ध बनी रहे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों व तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित