पिथौरागढ़ , मई 26 -- उत्तराखंड की पिथौरागढ पुलिस को ऑपरेशन "प्रहार" के तहत फरार और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना जाजरदेवल पुलिस ने गैर जमानती वारंटी को राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय बेरवा निवासी एमईवी कॉलोनी, अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है। आरोपी भारतीय दंड संहिता की धारा 420 एवं 66डी सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) से जुड़े मामले में वांछित चल रहा था। इसलिए अदालत ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।
थानाध्यक्ष जाजरदेवल मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लगातार तलाश और सुरागरसी की जा रही थी, जिसमें उप निरीक्षक महावीर सिंह समेत अन्य पुलिस बल शामिल था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सोमवार को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित