रायबरेली , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में गुरुबख्शगंज पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद ईंट का टुकड़ा बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कौली निवासी एक महिला ने 21 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि उसके माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान उसके पिता रामशंकर उर्फ पुत्ती ने उसकी मां के साथ लाठी-डंडे और ईंट से मारपीट की थी। मारपीट में उसकी मां को गंभीर चोटें आई थीं। आरोप है कि घटना के बाद रामशंकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया था।

घायल महिला का उपचार चल रहा था, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा भी बढ़ाई गई। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी।

पुलिस ने 27 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर रामशंकर उर्फ पुत्ती को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित