हनुमानगढ़ , मई 22 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक गैराज में आग लगने से भारी नुकसान हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टिब्बी-संगरिया मार्ग पर स्थित सालीवाला गांव में श्योपतराम सहारण के घर सुबह करीब साढ़े छह बजे गैराज में खड़ी कार की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग से बैटरी फट गई। इससे आग तेजी से फैल गयी और गैराज में पास में खडी जीप भी आग की चपेट में आ गई। पास में रखे तेल से भरे ड्रम और जरकिन में आग पहुंचते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

सूत्रोें ने बताया कि तेज हवा के कारण आग गैराज से होते हुए दोनों तरफ मकान और दुकान तक तेजी से फैल गई। दुकान में रखा ज्यादातर प्लास्टिक का सामान होने से आग और भी तेजी से भड़की। इस दौरान घर से बाहर निकलते समय श्योपतराम सहारण की पत्नी, पुत्र और पुत्रवधू मामूली रूप से झुलस गए।

आग लगने की सूचना मिलते ही टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूना दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। टिब्बी, संगरिया और हनुमानगढ़ से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल के दलों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

सूत्रों ने बताया कि इस आग में मकान, दुकान और गैराज तीनों पूरी तरह जल गए। गैराज में रखी दो गाड़ियां, तेल के ड्रम, जरकिन और घर-दुकान का करीब सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। कुछ सामान पानी डालने से भी खराब हो गया। परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है लेकिन किसी के हताहत हाेने की कोई सूचना नहीं है।

पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित