नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व राइनो दिवस पर शानदार एक-सींग वाले गैंडे के संरक्षण में जुटे लोगों की सराहना करते हुए कहा है कि काजीरंगा में गैंडे के अवैध शिकार को रोकने के प्रयासों की व्यापक प्रशंसा की गई है।

श्री मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि असम में दुनिया के करीब 80 प्रतिशत गैंडे हैं। अब बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी गैंडे की वापसी हुई है और वहां उनका अच्छी तरह संरक्षण किया जा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश के दुधवा में गैंडे के पुनर्वास की सफलता इतिहास रच रही है।

उन्होंने कहा कि ये प्रयास गैंडा संरक्षण और राज्यों में सक्रिय वन्यजीव प्रबंधन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। देश में प्रजाति संरक्षण को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित राज्यों को गैंडा संरक्षण, पर्यावास प्रबंधन, आनुवंशिक सुधार और जनसंख्या गतिकी को समझने के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता देने के वास्ते 'प्रोजेक्ट राइनो' शुरू किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित