प्रतापगढ़ , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले की थाना मानिकपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त एक सक्रिय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल में बंद गैंग सरगना राजेश मिश्रा के ग्राम मुंदीपुर स्थित ठिकाने पर शनिवार मध्यरात्रि छापेमारी की। पुलिस कार्रवाई में 2,01,55,345 रुपये नकद, 6.075 किलोग्राम गांजा तथा 577 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

इस दौरान रीना मिश्रा, विनायक मिश्रा, कोमल मिश्रा, अजीत कुमार मिश्रा एवं यश मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना मानिकपुर में धारा 8/20/22 एनडीपीएस एक्ट एवं 61(2)/3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय शातिर गिरोह से जुड़े हैं। राजेश मिश्रा के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 20 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रीना मिश्रा पर भी एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित