मुंबई , फरवरी 03 -- मृत गैंगस्टर हुसैन शेख उर्फ हुसैन उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने मुंबई की दीवानी अदालत में फिल्म 'ओ रोमियो' के प्रदर्शन और रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए एक याचिका दायर की है।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि यह फिल्म उनके पिता के जीवन पर आधारित एक अनधिकृत 'बायोपिक' है।

गौरतलब है कि 13 फरवरी को रिलीज होने वाली इस फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है और इसके निर्देशक विशाल भारद्वाज और लेखक हुसैन जैदी हैं।

अपनी याचिका में सनोबर ने दावा किया है कि फिल्म उनके पिता को एक गैंगस्टर के रूप में चित्रित करती है और उनके जीवन का गलत चित्रण प्रस्तुत करती है। उनका तर्क है कि इस तरह के चित्रण का उनके परिवार के सदस्यों पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इससे उन्हें और उनके बच्चों को अपूरणीय क्षति होगी, जो शांति और सकारात्मक वातावरण में रहने के हकदार हैं।

निर्माता और निर्देशक दोनों ने हालांकि मुकदमे से पहले सुश्री सनोबर के वकील द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस के जवाब में इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि 'ओ रोमियो' में काल्पनिक पात्र और परिस्थितियाँ दिखाई गई हैं और यह हुसैन शेख के जीवन पर आधारित नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित