फगवाड़ा , दिसंबर 04 -- ंजाब में फगवाड़ा के दरवेश गांव में आम आदमी पार्टी(आप) नेता दलजीत राजू के घर पर गत 27 नवंबर को हुई गोलीबारी के मामले में भोंडसी जेल गुरुग्राम से प्रोडक्शन वारंट पर लाये गये गैंगस्टर वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ काला राणा की दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को वापस भोंडसी जेल भेज दिया गया।
राणा को मंगलवार को प्रोडक्शन वारंट पर गुरुग्राम की भोंडसी जेल से फगवाड़ा लाया गया था। उसे आज फिर ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिन्होंने उसे जेल भेज दिया। चूंकि उसे गुरुग्राम से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया था, इसलिए उसे वापस भोंडसी जेल भेज दिया गया। राणा हत्या और जबरन वसूली के कई मामलों में वांछित था और जांच के दौरान उसकी संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद फगवाड़ा पुलिस ने उसे इस मामले में नामजद किया था।
इस बीच पहले से गिरफ्तार तीन आरोपियों घनश्याम तिवारी, उसकी मां नीरज कुमारी, और भाई दीपक तिवारी को भी आज फगवाड़ा में मजिस्ट्रेट के सामने में पेश किया गया। उन्हें भी 14 दिन की ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि तीनों ने कथित तौर पर 27 नवंबर को राजू के घर पर देर रात हुई फायरिंग में शामिल शूटरों को पनाह दी और उन्हें फाइनेंस किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित