रांची , अप्रैल 29 -- झारखंड के धनबाद जिले के वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी अब्बास उर्फ 'मेजर' को धनबाद पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दुबई से भारत लौटते ही उसे दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। अब इस मामले में कई बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है। धनबाद पुलिस ने कुख्यात अपराधी सैफी अब्बास उर्फ 'मेजर' को आसनसोल से देर रात धनबाद लाकर जेल भेज दिया। इसके बाद आज उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को 3 दिनों का रिमांड मिला है।

धनबाद थाना में कई थानों की पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि इस पूछताछ में कई सफेदपोश और बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है, जो प्रिंस खान के गैंग को समर्थन दे रहे थे।

ज्ञातव्य है कि मेजर को 19 अप्रैल को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (दमदम एयरपोर्ट) से गिरफ्तार किया गया था। वह दुबई से भारत लौटने के बाद फरार होने की फिराक में था, लेकिन पुलिस नेबइंटरपोल की मदद से नसमय रहते उसे दबोच लिया। जिसके बाद से कोलकाता पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। जांच में सामने आया है कि मेजर, प्रिंस खान गैंग का 'राइट हैंड' था और झारखंड में व्यापारियों से रंगदारी वसूली, धमकी भरे ऑडियो-वीडियो भेजने और गोलीबारी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित